यादव समाज के द्वारा राधा-कृष्ण मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा एवं सम्मान समारोह का आयोजन
शिक्षा मंत्री सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
उत्तम साहू,नगरी (धमतरी), 6 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ यादव समाज सिहावा क्षेत्र, जिला धमतरी द्वारा ग्राम तुमड़ी बहार में आयोजित होने वाले राधा-कृष्ण मंदिर के भव्य प्राण प्रतिष्ठा एवं सम्मान समारोह को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। यह भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन 9 फरवरी 2026 को सम्पन्न होगा।
इस संबंध में यादव समाज सिहावा क्षेत्र के सामाजिक प्रतिनिधि मंडल ने माननीय शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव जी से उनके निज निवास पर सौजन्य मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर सार्थक चर्चा की। मंत्री श्री यादव ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि : माननीय श्री गजेंद्र यादव जी (कैबिनेट मंत्री, स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग, छत्तीसगढ़ शासन) अध्यक्षता : श्रीमती अम्बिका मरकाम जी (विधायक, सिहावा विधानसभा क्षेत्र) होंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सम्मान के भाव को सुदृढ़ करेगा।

