कर्णेश्वर मेला महोत्सव का भव्य समापन, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखी झलक

0

 

कर्णेश्वर मेला महोत्सव का भव्य समापन, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की दिखी झलक

ट्रस्ट ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का जताया आभार



उत्तम साहू 

नगरी। कर्णेश्वर मेला महोत्सव का समापन छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम गोल्डन स्टार नाइट, राजिम की शानदार प्रस्तुति के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक रायपुर श्री निरंजन सिन्हा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कर्णेश्वर मेला महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए इसके सफल आयोजन के लिए ट्रस्ट एवं समस्त सहयोगियों की सराहना की।


इस वर्ष मेला महोत्सव के दौरान स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा मंदिर परिसर एवं भोजनशाला में अनुकरणीय सेवा प्रदान की गई। वहीं नगर पंचायत नगरी द्वारा पेयजल आपूर्ति एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया गया। जल संसाधन विभाग ने नदी में पर्याप्त जल उपलब्ध कराया, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।


मेले की सुरक्षा व्यवस्था अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वैभव रंगारी एवं थाना प्रभारी शरद ताम्रकार के नेतृत्व में चाक-चौबंद रही। इसके अतिरिक्त लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत विभाग, कोटवार एवं सेवादारों ने भी मेला व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ट्रस्ट द्वारा सभी विभागों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया।


कर्णेश्वर ट्रस्ट अध्यक्ष श्री विकल गुप्ता ने मेला महोत्सव के सफल आयोजन के लिए पर्यटन विभाग, स्थानीय प्रशासन, व्यापारियों, विभिन्न पंचायतों, ओडिशा-बस्तर सहित अंचल के देवी-देवताओं, ट्रस्ट पदाधिकारियों, ट्रस्टीगण, सदस्यों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मेला अवधि में दर्शनार्थियों एवं व्यापारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया तथा पेयजल एवं भंडारा की समुचित व्यवस्था की गई। मेला महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम के दौरान दानदाताओं को स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जिनकी भूमि पर मेला आयोजन होता है, उन भूमिदाताओं  नोहर साहू, विनोद साहू, शम्भू गिरी गोस्वामी, मेघराज साहू, भैया निषाद, संतु राम साहू एवं देवव्रत ध्रुव का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक, पदाधिकारी, सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें कैलाश पवार, रवि ठाकुर, रवि दुबे, भरत निर्मलकर, निकेश ठाकुर,  मोहन पुजारी, राम भरोसा साहू, नागेन्द्र शुक्ला, ललित शर्मा, आनंद अवस्थी, कमल डागा, गगन नाहटा सहित अनेक नाम प्रमुख रहे।

स्वास्थ्य विभाग का सराहनीय योगदान

मेला महोत्सव के दौरान स्वास्थ्य विभाग सिहावा द्वारा मंदिर परिसर में स्वास्थ्य स्टॉल लगाया गया, जहां मेले में आए श्रद्धालुओं का प्राथमिक उपचार कर उन्हें त्वरित राहत पहुंचाई गई। डॉ. प्रणव शाण्डिल्य के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने सेवाएं दीं। कर्णेश्वर ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम का स्वागत एवं सम्मान किया गया।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !