नगर पंचायत नगरी के आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया गया वजन त्यौहार, बच्चों के पोषण की हुई जांच

0

 

नगर पंचायत नगरी के आंगनबाड़ी केंद्र में मनाया गया वजन त्यौहार, बच्चों के पोषण की हुई जांच



उत्तम साहू 

नगरी। नगर पंचायत नगरी के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में शासन के निर्देशानुसार वजन त्यौहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन, ऊंचाई एवं लंबाई मापी गई, वहीं एनीमिया एवं कुपोषण के लक्षणों की भी जांच की गई।

वजन त्यौहार का आयोजन वर्ष में एक बार प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं माताओं को पोषण के प्रति जागरूक करना तथा कुपोषण की समय रहते पहचान करना है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, वार्ड पार्षद एवं सभापति विनीता कोठारी, वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद देवचरण ध्रुव, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद एवं सभापति अश्विनी निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने उपस्थित माताओं एवं बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जनजागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वजन त्यौहार जैसे आयोजनों से कुपोषण एवं अन्य बीमारियों की पहचान कर उनसे लड़ने की सही जानकारी मिलती है। कुपोषण को छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश से समाप्त करने के लिए यह एक विशेष महाअभियान है।

उन्होंने माताओं से अपील की कि वे बच्चों को बेहतर एवं पौष्टिक आहार दें तथा गर्भवती महिलाओं को अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। समय पर गर्म, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन से बच्चों को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी में उपलब्ध पोषण सामग्री का नियमित उपयोग करने एवं बच्चों को समय-समय पर जांच हेतु आंगनबाड़ी केंद्र लाने का आग्रह किया, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास की सही जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुमकुम सोनी, माहेश्वरी यादव, अंबिका मरकाम, सीता साहू, गोदावरी सेन तथा आंगनबाड़ी सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !