डिजिटल पढ़ाई से बदलेगी तस्वीर: धमतरी में शिक्षा गुणवत्ता सुधार को कलेक्टर की नई पहल
उत्तम साहू
धमतरी, 19 फरवरी 2026। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने डिजिटल माध्यमों का सहारा लिया है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग द्वारा नवाचारपूर्ण पहल शुरू की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को अब यूट्यूब चैनल के जरिए विषयवार अध्ययन सामग्री और परीक्षा मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग के यूट्यूब चैनल @deodhamtari पर गणित, रसायन, भौतिकी, हिंदी, सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों के महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर लिखने की तकनीक विस्तार से समझाई जा रही है। परीक्षा में उत्तर प्रस्तुतीकरण, अधिक अंक प्राप्त करने की रणनीति और मुख्य बिंदुओं पर विशेष मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अब तक 100 से अधिक शैक्षणिक वीडियो अपलोड किए जा चुके हैं, जिनसे जिले के सैकड़ों विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।
यह पहल विशेष रूप से कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, ताकि वे परीक्षा पूर्व तैयारी को मजबूत कर सकें। साथ ही दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन पहुंचाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए समय और स्थान की बाधाएं खत्म हो रही हैं और सभी विद्यार्थियों को समान अवसर मिल रहा है।
इसके अलावा जिला स्तर पर प्रश्न बैंक तैयार कर सभी विद्यालयों को उपलब्ध कराया गया है। कक्षा 5वीं सहित अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भी प्रश्न बैंक और उनके उत्तर संकलित कर दिए गए हैं, जिससे नियमित अभ्यास के माध्यम से परीक्षा परिणाम में सुधार हो सके।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का आधार है और प्रशासन का प्रयास है कि जिले का हर विद्यार्थी—चाहे वह शहर में हो या दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में—उसे गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन समान रूप से मिले। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर परीक्षा तैयारी के लिए सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षक और विभागीय अमला मिलकर विद्यार्थियों को विषय की गहराई समझाने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। आने वाले समय में इस पहल को और व्यापक बनाया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा परिणाम में निरंतर सुधार के लिए यह पहल आगे भी जारी रहेगी तथा जरूरत के अनुसार और अधिक शैक्षणिक सामग्री जोड़ी जाएगी।


