पति से अनबन तंत्र-मंत्र का सहारा..तांत्रिक से बढ़ी नजदीकियां और घर छोड़ कर भाग गई महिला, भोपाल से बरामद
इंदौर। पति-पत्नी के रिश्ते सुधारने के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा लेने पहुंची एक महिला खुद ही तांत्रिक के साथ घर छोड़कर चली गई। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र का यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने महिला को भोपाल से सुरक्षित बरामद कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक महिला अचानक घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने जब देखा कि वह सोने-चांदी के जेवर और नगदी भी साथ ले गई है, तो चिंता बढ़ गई। मामले की सूचना बाणगंगा थाने में दी गई, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों और पति से पूछताछ की। बयानों में असंगति मिलने पर पुलिस को मामला सामान्य गुमशुदगी से अधिक संदिग्ध लगा। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की गई, जो भोपाल में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भोपाल पहुंची और महिला को दस्तयाब कर इंदौर ले आई। उसके पास से कुछ जेवर भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह लंबे समय से वैवाहिक जीवन में तनाव झेल रही थी। इसी बीच उसकी पहचान राकेश जाटव नामक युवक से हुई, जो तांत्रिक क्रियाएं और पूजा-पाठ कराता है। घरेलू समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क बढ़ा और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। अंततः महिला ने उसके साथ जाने का निर्णय ले लिया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं तांत्रिक ने महिला को मानसिक रूप से प्रभावित कर या बहला-फुसलाकर तो अपने साथ नहीं ले गया। फिलहाल महिला के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले से जुड़े आर्थिक पहलुओं की भी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

