धान उठाव व मिलिंग में तेजी लाने कलेक्टर ने राइस मिलर्स के साथ की समीक्षा बैठक

0

 

धान उठाव व मिलिंग में तेजी लाने कलेक्टर ने राइस मिलर्स के साथ की समीक्षा बैठक



          उत्तम साहू,धमतरी, 10 फ़रवरी 2026।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं जिले के समस्त पंजीकृत राइस मिलर्स के साथ बैठक लेकर उपार्जित धान की मिलिंग एवं उठाव की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन सिंह देवहारी, खाद्य अधिकारी श्री बसंत कोरम, उप पंजीयक श्री प्रदीप ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी श्री सुनील सिंह राजपूत, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक श्री बलरामपुरी गोस्वामी, प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) धमतरी श्री मुरारीलाल मीणा, जिला राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नवीन सांखला, पदाधिकारी श्री राजेश गोलछा सहित धमतरी, कुरूद एवं नगरी क्षेत्र के राइस मिलर्स उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने उपार्जित धान की मिलिंग कार्य में तेजी लाने एवं शेष धान का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में मिलिंग पूर्ण की जाए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उपार्जन, मिलिंग, भंडारण एवं वेयरहाउस से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण अपने स्तर पर करने को कहा।

बैठक में वर्ष 2025-26 के धान उठाव की समीक्षा के दौरान बताया गया कि उपार्जित कुल 5,96,499.40 मीट्रिक टन धान के विरुद्ध 2,82,174.90 मीट्रिक टन का डिलीवरी ऑर्डर (डी.ओ.) तथा 1,21,480 मीट्रिक टन का ट्रांसपोर्ट ऑर्डर (टी.ओ.) जारी किया गया है। जारी डी.ओ. एवं टी.ओ. के विरुद्ध अब तक 3,40,109.87 मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है, जबकि उपार्जन केंद्रों में 2,56,389.53 मीट्रिक टन धान शेष है। मिलर्स द्वारा जमा प्रतिभूति राशि 507.69 करोड़ रुपये बताई गई। कलेक्टर ने शेष धान के डी.ओ. जारी कर फरवरी 2026 के भीतर उपार्जन केंद्रों से धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वर्ष 2024-25 के चावल उपार्जन की समीक्षा में जिला विपणन अधिकारी ने जानकारी दी कि नागरिक आपूर्ति निगम धमतरी में 99.05 प्रतिशत तथा भारतीय खाद्य निगम धमतरी में 78.38 प्रतिशत चावल जमा किया जा चुका है। शेष चावल शीघ्र जमा कराने के लिए संबंधित मिलर्स को निर्देशित किया गया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मिलर्स अपनी मिलिंग क्षमता के अनुरूप धान का उठाव शीघ्र करें। उन्होंने मैदानी जिला होने के कारण बेहतर परिवहन व कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि धान उठाव में जिला अन्य जिलों से पीछे नहीं रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समाधान किया जाएगा, लेकिन कार्य के ठोस परिणाम दिखाई देने चाहिए।

बैठक के दौरान राइस मिलर्स ने परिवहन से जुड़ी कुछ समस्याएं भी रखीं, जिनके शीघ्र निराकरण का कलेक्टर ने आश्वासन दिया तथा समय पर एफसीआई में चावल जमा करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !