होली को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट, एसपी ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
उत्तम साहू
धमतरी, 27 फरवरी 2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सूरज सिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक धमतरी ने पुलिस कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक, सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, यातायात, साइबर तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में होली के दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने, स्थायी पिकेट लगाने और चिन्हित क्राइम हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पिछले पांच वर्षों में होली के दौरान हुई घटनाओं का विश्लेषण कर इस वर्ष के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।
एसपी ने गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा एवं उभरते असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। होली पूर्व सभी अनुभागों में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने की बात कही गई।
अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया है। होटल, ढाबा और लॉज की नियमित जांच कर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
चाकूबाजी, तलवारबाजी और हथियार से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने, स्टंटबाजी और दोपहिया पर तीन सवारी करने वालों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
सोशल मीडिया पर भ्रामक या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर सतत मॉनिटरिंग कर त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा बिजली तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडे, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी यातायात मोनिका मरावी, डीएसपी मुख्यालय मीना साहू, डीएसपी एसजेपीयू यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। जिले में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि हर नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सके।

