कृषि मंडी अधिकारी शादी से पहले रेप केस में पहुंचा जेल
एक साल तक शादी का झांसा देकर बनाता रहा संबंध
कोरबा। जिले के कटघोरा में पदस्थ रहे कृषि मंडी अधिकारी की करतूत ने सनसनी फैला दी है। शादी का वादा कर महिला से करीब एक साल तक संबंध बनाने के बाद आरोपी अचानक फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर आरोपी राहुल साहू को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने बताया कि आरोपी कटघोरा कृषि मंडी में पदस्थ था और वहीं उससे दोस्ती कर शादी का भरोसा दिया। भरोसे में लेकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। इसी महीने शादी तय होने की बात चल रही थी, लेकिन अचानक उसने फोन बंद कर लिया और संपर्क से गायब हो गया।
पीड़िता के अनुसार, किसी तरह संपर्क होने पर आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और धमकी देते हुए कहा — “जो करना है कर लो।” इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के निर्देश पर एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई। जांच में पता चला कि आरोपी घरघोड़ा में पदस्थ है। पुलिस ने वहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और कटघोरा लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

