ग्राम गुहाननाला में शव दफन को लेकर विवाद, तीन घंटे तक रहा तनावपूर्ण माहौल
उत्तम साहू
नगरी/ धमतरी जिले के गुहाननाला में रविवार को एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला इतना बढ़ा कि करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा और हालात संभालने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ डीआरजी के जवानों को तैनात करना पड़ा।
बताया गया कि 80 वर्षीय तितरो बाई का निधन 3 फरवरी को हुआ था। परिजनों ने उनका शव चुपचाप दफना दिया। जब यह बात ग्रामीणों तक पहुंची, तो नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परिवार पिछले आठ वर्षों से ईसाई धर्म अपना चुका था और बिना गांव की सहमति के दफन किया गया, इसलिए शव को बाहर निकालने की मांग करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व परिजनों से बातचीत शुरू की। लंबी समझाइश के बाद विवाद तब शांत हुआ, जब परिजनों ने लिखित आश्वासन दिया कि वे पुनः अपने मूल धर्म में लौट आए हैं। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा थमा और प्रदर्शन समाप्त हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, गांव में एहतियातन बल तैनात है और पूरे मामले की जांच जारी है।

