जमीन के झगड़े ने छीनी मासूम की जान: 14 साल के किशोर की हत्या, चचेरा भाई निकला कातिल

0

 

जमीन के झगड़े ने छीनी मासूम की जान: 14 साल के किशोर की हत्या, चचेरा भाई निकला कातिल




सूरजपुर। जिले में 14 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। हत्या किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही चचेरे भाई ने जमीन विवाद के चलते कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 11 फरवरी 2026 की शाम महोरा निवासी मंगलूराम पंडो के बेटे लालसाय के मोबाइल से ही परिवार को फोन कर उसकी हत्या की सूचना दी गई। अचानक आई इस खबर से परिजनों और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

अगले दिन ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त तलाश में गहुआ भादा जंगल की पगडंडी किनारे लालसाय का शव मिला। गले पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई। शुरुआती जांच में जमीन बंटवारे को लेकर परिवार के भीतर विवाद सामने आया।

संदेह के आधार पर पुलिस ने चचेरे भाई देवसाय पंडो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने लालसाय को बहाने से निर्माणाधीन मकान के पास बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर वह उसे जंगल की ओर ले गया और टांगी से हमला कर दिया।

घायल किशोर जब जान बचाकर भागने लगा तो आरोपी ने दोबारा वार कर उसकी हत्या कर दी। शक से बचने के लिए उसने मृतक के मोबाइल से परिवार को फोन कर झूठी सूचना दी, फिर मोबाइल और सिम झाड़ियों में फेंक दिए। इतना ही नहीं, अगले दिन वह खुद खोजबीन में शामिल होकर शक से दूर रहने की कोशिश करता रहा।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोबाइल के हिस्से बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !