🔴 खौफनाक वारदात: मकान के विवाद में पिता ने ली बेटी की जान
जशपुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां गुस्से में अंधे एक पिता ने अपनी ही आंगनबाड़ी सहायिका बेटी को मौत के घाट उतार दिया। मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते खूनखराबे का रूप ले लिया।
नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामटोली में हुई इस घटना के अनुसार, 23 वर्षीय बिंदिया लकड़ा घर के पास नया मकान बनवाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसके पिता लौरेस लकड़ा घर पहुंचे और निर्माण के लिए गिट्टी-बालू मंगाने तथा पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी उठाई और उसके पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बिंदिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर में आई गंभीर चोट को ही मौत का कारण बताया गया।
मृतका की बहन अनुषा लकड़ा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

