शासकीय स्कूल पंडरीपानी के बच्चों का राजधानी रायपुर में शैक्षणिक भ्रमण
पुरखौतीन मुक्तांगन, आदिवासी संग्रहालय, ऊर्जा पार्क और शदाणी दरबार का किया अवलोकन
उत्तम साहू
नगरी। शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला पंडरीपानी माल के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यापक दृष्टिकोण निर्माण के उद्देश्य से शाला प्रबंधन एवं विकास समिति द्वारा शिक्षक स्टाफ के सहयोग से राजधानी रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक स्थलों का अवलोकन कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति से रूबरू हुए बच्चे
भ्रमण की शुरुआत पुरखौतीन मुक्तांगन (नया रायपुर) से हुई, जहां विद्यार्थियों ने स्वल्पाहार के पश्चात छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक नृत्य एवं विविध गतिविधियों का अवलोकन किया। यहां प्रदर्शित सांस्कृतिक धरोहरों ने बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों को नवनिर्मित आदिवासी संग्रहालय ले जाया गया, जहां छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली से संबंधित प्रदर्शनों को बच्चों ने बड़े उत्साह और जिज्ञासा के साथ देखा। कक्षागत विषयों से जुड़ी जानकारियों को जीवंत रूप में देखना विद्यार्थियों के लिए अत्यंत रोमांचक अनुभव रहा। शिक्षकों के साथ चर्चा करते हुए बच्चों ने अपने गांव-घर की संस्कृति से समानताएं भी साझा कीं।
ऊर्जा पार्क में किया मनोरंजन
भोजन के पश्चात भ्रमण की अगली कड़ी में विद्यार्थियों ने ऊर्जा पार्क का आनंद लिया। यहां झूले, फिसलपट्टी, फव्वारा गार्डन एवं अन्य खेल साधनों के माध्यम से बच्चों ने अपने पालकों एवं शिक्षकों के साथ खुशनुमा समय व्यतीत किया। इस दौरान नृत्य, चुटकुले और हंसी-मजाक से वातावरण आनंदमय बना रहा।
शदाणी दरबार में लिया आध्यात्मिक अनुभव
भ्रमण की अंतिम कड़ी में विद्यार्थियों ने सर्वधर्म समभाव का संदेश देने वाले शदाणी दरबार के दर्शन किए। यहां बच्चों ने शांति का अनुभव करते हुए संतों के उपदेशों और उनके सामाजिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
सामुदायिक सहभागिता को मिला बल
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास को गति देने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना और शिक्षा को समाजहित में आगे बढ़ाना रहा। इस आयोजन में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, पालकों तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुव्यवस्थित संचालन के कारण यह शैक्षणिक भ्रमण सफल एवं यादगार रहा।





