रायपुर: पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश नाकाम
रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
खरोरा पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी की सुबह ग्राम खसेरा निवासी किशोर सारथी (27) का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. शुरुआत में इसे सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया गया था, लेकिन शरीर पर घसीटे जाने के निशानों ने पुलिस के सामने संदेह पैदा कर दिया. डॉग स्क्वॉड और FSL विशेषज्ञों की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी.
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक किशोर की पत्नी रोशनी का लिलेश उर्फ मुरू नाम के युवक के साथ पिछले कुछ महीनों से प्रेम प्रसंग (अफेयर) चल रहा था. पति को इसकी जानकारी होने पर घर में अक्सर झगड़े और मारपीट होती थी. अपने रास्ते से पति को हटाने के लिए रोशनी ने लिलेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची.
साजिश और वारदात
27 फरवरी की रात: रोशनी ने बहाने से किशोर को अपनी बहन को लाने के लिए ग्राम बिठिया अकेले भेज दिया.
घात लगाकर हमला: रास्ते में लिलेश और उसके दो साथी अपनी थार गाड़ी के साथ पहले से तैयार थे.
हादसे का रूप: जैसे ही किशोर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे थार से जोरदार टक्कर मारी और उसकी हत्या कर दी.
आरोपियों की गिरफ्तारी
रायपुर ग्रामीण एएसपी प्रशांत शुक्ला ने पुष्टि की है कि पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को जब्त कर लिया है और सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम रोशनी (मृतक की पत्नी) लिलेश कुलदीप (बॉयफ्रेंड) अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार है।

