भारतमाला परियोजना से गांवों की बदलेगी तस्वीर

0

 

भारतमाला परियोजना से गांवों की बदलेगी तस्वीर

करैहा में प्रशासन की पहल: रोजगार, शिक्षा और सड़क सुधार पर बनी कार्ययोजना

विकास के साथ आत्मनिर्भरता की ओर कदम, महिला समूहों को भी मिलेगा अवसर


उत्तम साहू 

धमतरी, 28 फरवरी 2026। जिले में अधोसंरचना विकास को नई गति देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में जिला प्रशासन सक्रिय पहल कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी विकासखंड के ग्राम करेहा में पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर भारतमाला परियोजना से जुड़ी संभावनाओं और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

सड़क विकास से बढ़ेगा रोजगार और व्यापार

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित सड़क विकास कार्यों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के गांवों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।

उन्होंने युवाओं से निर्माण कार्य, मशीन संचालन, वाहन संचालन, आतिथ्य सेवा एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण लेकर स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। जिला प्रशासन द्वारा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, पंजीयन एवं आवश्यक मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।

महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेगा नया बाजार


बैठक के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से समूहों को खाद्य प्रसंस्करण, कैटरिंग, आपूर्ति सेवाओं और अन्य व्यवसायों से जोड़ा जाए।

समूहों के उत्पादों के बेहतर विपणन और पैकेजिंग के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकें।

शिक्षा सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष जोर

शिक्षा के क्षेत्र में सुधार को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने ग्राम के हाई स्कूल को सर्वसुविधायुक्त बनाने, आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डिजिटल शिक्षण सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा ही दीर्घकालिक विकास की नींव है और युवाओं को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से जोड़ना समय की मांग है।

करेहा–गट्टासिल्ली मार्ग होगा सुदृढ़

करेहा से गट्टासिल्ली मार्ग की जर्जर स्थिति पर चर्चा करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बीपीसीएल स्थापित करेगा पेट्रोल पंप और रेस्टोरेंट

बैठक में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के प्रतिनिधि श्री लक्ष्य कुमार ने जानकारी दी कि कंपनी क्षेत्र में पेट्रोल पंप और रेस्टोरेंट स्थापित करने की योजना बना रही है।

उन्होंने बताया कि एक इकाई में लगभग 50 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देने का लक्ष्य है और नियुक्ति में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

जनसहभागिता से होगा समग्र विकास


बैठक में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत आपूर्ति एवं कौशल प्रशिक्षण से जुड़े सुझाव और समस्याएं रखीं, जिन पर कलेक्टर ने सकारात्मक एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि अधोसंरचना विकास के साथ स्थानीय मानव संसाधन को सशक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसहभागिता के माध्यम से ही क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास संभव है।

इस बैठक के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !