दहदहा स्कूल अफवाह पर विराम: काउंसिलिंग और जांच के बाद स्कूल में स्थिति पूरी तरह सामान्य
विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि: प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से मामला स्पष्ट
उत्तम साहू
धमतरी। विकासखंड कुरूद के शासकीय माध्यमिक शाला दहदहा में विद्यार्थियों के हाथों पर खरोंच के निशान मिलने की सूचना पर शिक्षा विभाग ने त्वरित निरीक्षण कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। जांच में सामने आया कि करीब 35 छात्र-छात्राओं के हाथों पर पाए गए हल्के निशान लगभग एक माह पहले आपसी देखा-देखी में सेफ्टीपिन से स्वयं लगाए गए थे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी विद्यार्थियों का परीक्षण कराया गया। जांच में सभी बच्चे शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। किसी प्रकार की गंभीर चोट, संक्रमण या मानसिक आघात नहीं मिला और विशेष उपचार की आवश्यकता भी नहीं है। अधिकांश खरोंच के निशान अब लगभग समाप्त हो चुके हैं।
बच्चों और पालकों से चर्चा में यह भी स्पष्ट हुआ कि घटना का नशे, अंधविश्वास या काला जादू से कोई संबंध नहीं है। विद्यालय में विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कर उन्हें इस तरह के व्यवहार के दुष्परिणाम समझाए गए। साथ ही पालकों, शाला प्रबंधन समिति और ग्रामवासियों की संयुक्त बैठक लेकर जागरूकता बढ़ाई गई तथा पुनरावृत्ति रोकने के लिए संस्था प्रमुख को सतत निगरानी और मार्गदर्शन के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए विद्यालय में जीवन-कौशल, नैतिक शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है। फिलहाल विद्यालय का वातावरण सामान्य है और शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से चल रही हैं।

