युवाओं के लिए खुशखबरी: सेना भर्ती का बिगुल: अधिसूचना जारी,
आवेदन प्रक्रिया चालू 1 अप्रैल तक आवेदन जून में होगी प्रवेश परीक्षा
उत्तम साहू
धमतरी। दिनांक 19 फरवरी 2026 भारतीय सेना में भर्ती के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने अधिसूचना जारी कर दी है। 13 फरवरी 2026 को जारी यह अधिसूचना सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर उपलब्ध है। भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन 13 फरवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल 2026 तक किए जा सकेंगे।
जारी अधिसूचना के अनुसार अग्निवीर पुरुष (जनरल ड्यूटी), तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन (दसवीं पास), ट्रेड्समैन (आठवीं पास), अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) सहित स्थायी कैडर में नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेट) और सिपाही फार्मा के पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।
ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) संभावित रूप से 1 जून से 10 जून 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की सटीक तिथि और अन्य निर्देश अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सेना भर्ती कार्यालय नया रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है। भर्ती से संबंधित जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क किया जा सकता है।
सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित है। अभ्यर्थियों को दलालों या भ्रामक व्यक्तियों से सावधान रहने तथा केवल आधिकारिक वेबसाइट और कार्यालय से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है।
देश सेवा के साथ गौरवपूर्ण करियर बनाने के इच्छुक जिले के युवक-युवतियों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है। पात्र अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर अपने भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की गई है।

