एसपी के निर्देश पर जिले भर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान,होटल, ढाबा और लॉज खंगाले
संदिग्धों पर पैनी नजर अवैध शराब परोसने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी
उत्तम साहू दिनांक 19 फरवरी 2026
धमतरी। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबा और लॉजों की सघन जांच अभियान चलाया। अभियान एक साथ जिले के विभिन्न इलाकों में संचालित किया गया, जिससे संचालकों और संदिग्ध व्यक्तियों में हड़कंप की स्थिति रही।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने होटल व लॉज संचालकों के आगंतुक रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया तथा ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया। संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई और उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
इसके अलावा होटल और ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने या सेवन कराए जाने की भी जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैधानिक अनुमति शराब परोसना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे सभी नियमों का कड़ाई से पालन करें, प्रत्येक आगंतुक का वैध पहचान पत्र दर्ज करें, सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की आशंका की सूचना तत्काल संबंधित थाना को दें।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन जांच व निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

