आमदी में ‘स्वस्थ पंचायत सम्मेलन’—मितानिनों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा, अरुण सार्वा ने दिए सुधार के निर्देश
उत्तम साहू
धमतरी- आमदी। नगर पंचायत आमदी में मितानिन बहनों की पहल पर आयोजित स्वस्थ पंचायत सम्मेलन में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति पर गंभीर मंथन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने की, जबकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कमियों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में मितानिन बहनों ने ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही परेशानियों, संसाधनों की कमी और कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों को खुलकर रखा। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित कमियों को प्राथमिकता से दूर कर व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।
अपने संबोधन में अरुण सार्वा ने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य तंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं। गर्भवती महिलाओं को पोषण संबंधी मार्गदर्शन देना, प्रसव के समय सहयोग करना और नवजात शिशु की देखभाल सुनिश्चित करना—इन सभी जिम्मेदारियों को वे मां की तरह निभाती हैं। उन्होंने उनके समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति योगदान को सराहते हुए सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास व स्वच्छता विभाग की सभापति तथा जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन, जिला पंचायत सदस्य धनेश्वरी भूमेश साहू, नगर पंचायत आमदी अध्यक्ष ज्योति साहू, स्वास्थ्य विभाग की टीम और बड़ी संख्या में मितानिन बहनें उपस्थित रहीं।



