धमतरी पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल, दंगा नियंत्रण व त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास
उत्तम साहू
धमतरी, 20 फरवरी 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में व्यापक एवं योजनाबद्ध बलवा ड्रिल आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा अंतरदल समन्वय क्षमता का व्यवहारिक परीक्षण किया गया।
ड्रिल के दौरान रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल को अलग-अलग पार्टियों में विभाजित कर क्रमबद्ध अभ्यास कराया गया। प्रथम पार्टी ने घटनास्थल पर पहुंचकर माइक/घोषणा प्रणाली के माध्यम से भीड़ को समझाइश देने और शांतिपूर्ण तरीके से तितर-बितर करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। द्वितीय पार्टी ने हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड और लाठी जैसे दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ फॉर्मेशन बनाकर आगे बढ़ने तथा उग्र स्थिति में नियंत्रित लाठीचार्ज की कार्यवाही का प्रदर्शन किया।
तृतीय पार्टी द्वारा आवश्यकता पड़ने पर आंसू गैस के उपयोग और न्यूनतम बल प्रयोग की रणनीति का अभ्यास किया गया। वहीं चतुर्थ पार्टी ने उपद्रवियों की पहचान कर सुरक्षित गिरफ्तारी, हिरासत में लेने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण लिया। आरक्षित बल को बैकअप के रूप में रखा गया तथा चिकित्सा सहायता दल द्वारा घायल पुलिसकर्मियों या नागरिकों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की कार्यवाही का भी अभ्यास कराया गया।
अभ्यास के दौरान अधिकारियों ने कमांड एंड कंट्रोल, वायरलेस समन्वय, सुरक्षा मानकों और बल प्रयोग की वैधानिक सीमाओं पर विशेष मार्गदर्शन दिया। पूरा कार्यक्रम अनुशासित, समन्वित और योजनाबद्ध तरीके से संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा नियमित परेड के साथ योग अभ्यास, दंगा नियंत्रण प्रशिक्षण, तकनीकी सिखलाई और विधिक ज्ञानवर्धन हेतु प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि पुलिस बल की शारीरिक, मानसिक और पेशेवर दक्षता में निरंतर वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, एसडीओपी कुरुद, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी यातायात, डीएसपी एसजेपीयू, एसडीओपी नगरी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

