नगरी की वर्षों पुरानी मांग पूरी: पुरानी बस्ती पुलिया निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति, जनप्रतिनिधियों में हर्ष
जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया
उत्तम साहू
नगरी। नगर पंचायत नगरी की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। पुरानी बस्ती में पुलिया निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जनप्रतिनिधियों ने इसे नगरी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा सहित लोक निर्माण विभाग (PWD) के सभापति अश्वनी निषाद, राजस्व विभाग की सभापति विनीता कोठारी, स्वास्थ्य विभाग के सभापति शंकरदेव, पार्षद चेलेश्वरी साहू एवं अंबिका ध्रुव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पुरानी बस्ती के नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए पुलिया निर्माण की मांग लगातार उठाई जा रही थी।
जनप्रतिनिधियों ने धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सकारात्मक रुख और तत्पर पहल से ही यह स्वीकृति संभव हो सकी। अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने प्रस्ताव को शासन स्तर पर भेजा, जिसके बाद पुलिया निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई।
इस प्रक्रिया में लोक निर्माण विभाग के जिला अधिकारियों, विशेष रूप से कार्यपालन अभियंता एस.एस. चाहल तथा विभागीय टीम की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही, जिन्होंने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर स्वीकृति दिलाने में सहयोग किया।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पुलिया निर्माण पूर्ण होने के बाद पुरानी बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही स्थानीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
नगर पंचायत नगरी के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जिला प्रशासन, संबंधित अधिकारियों और शासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर समय पर पूर्ण किया जाएगा।
नगरी के विकास की दिशा में यह निर्णय एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

