धमतरी..फर्जी CID अधिकारी बनकर धौंस जमाने वाला गिरफ्तार, स्कार्पियो समेत सामान जब्त

0

 

धमतरी..फर्जी CID अधिकारी बनकर धौंस जमाने वाला गिरफ्तार, स्कार्पियो समेत सामान जब्त



उत्तम साहू 

धमतरी, 22 फरवरी 2026। धमतरी पुलिस ने स्वयं को CID अधिकारी बताकर आम लोगों पर धौंस जमाने और अवैध लाभ लेने वाले एक आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फर्जी आईडी कार्ड और “नेशनल क्राइम कंट्रोल” का बोर्ड लगाकर स्कार्पियो वाहन में घूम रहा था तथा टोल टैक्स से बचने सहित अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक व्यक्ति स्कार्पियो क्रमांक CG 05 AU 6136 में “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का लोगो और “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगाकर खड़ा है तथा स्वयं को CID अधिकारी बता रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विधिसम्मत जांच की।

जांच के दौरान वाहन के डैशबोर्ड पर संगठन का लोगो और पदनाम प्रदर्शित बोर्ड मिला। पूछताछ में चालक ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया। आरोपी ने अपने पास से दो आईडी कार्ड प्रस्तुत किए, जिन पर “CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” और “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” अंकित था तथा स्वयं को “National Officer” दर्शाया गया था।

पुलिस द्वारा वैधानिक नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण या अधिकृत आदेश प्रस्तुत करने को कहने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाता था। वह इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने तथा अन्य स्थानों पर रौब जमाने के लिए करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 फर्जी आईडी कार्ड, “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा बोर्ड, स्कार्पियो वाहन, एक iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित) तथा एक सैमसंग M12 मोबाइल (जियो व बीएसएनएल सिम सहित) गवाहों के समक्ष जब्त किए।

प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी/जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करने और अवैध लाभ लेने का प्रयास पाया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 21 फरवरी 2026 को रात 10 बजे विधिवत गिरफ्तार कर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 66/2026 धारा 204, 205, 336(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाए या संदिग्ध गतिविधि करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !