महानदी पुल के नीचे मिला 18 वर्षीय युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
रायपुर। राजधानी के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पारागांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नेशनल हाईवे-53 स्थित महानदी पुल के नीचे एक 18 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल (18 वर्ष), पिता राजाराम पाल के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमलाल शनिवार शाम अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह निसदा मोड़ के पास आइसक्रीम खाने के लिए रुका था, जिसके बाद से वह लापता हो गया। परिजनों द्वारा खोजबीन के बीच रविवार सुबह उसका शव महानदी पुल के नीचे मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि युवक लंबे समय से कुछ शारीरिक समस्याओं के कारण मानसिक तनाव में था।
पुलिस के अनुसार, मौत से पहले प्रेमलाल ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर अपनी परेशानियों का जिक्र किया था। इस आधार पर पुलिस मामले को आत्महत्या के एंगल से भी जांच रही है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

