गंगरेल में इतिहास रचेगा ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’
52 टीमों की भागीदारी, 3 महिला टीमों से बढ़ा रोमांच , पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
धमतरी जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार गंगरेल बांध की शांत जलधारा पर ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत भव्य महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह रोमांचक प्रतियोगिता रविवार दोपहर 3 बजे से शुरू होगी, जिसका जिलेवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में धमतरी सहित आसपास के जिलों की कुल 52 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत मचान हाट प्वाइंट से होकर गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में होगी, जहां प्रतिभागी अपनी क्षमता, संतुलन और तालमेल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
इस ऐतिहासिक आयोजन की मुख्य अतिथि महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी होंगी।
महिला शक्ति बनी आकर्षण का केंद्र
इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात ग्रामीण अंचल की तीन महिला टीमों की भागीदारी है। ग्राम लिर्रा की श्रीमती चयन बाई, श्रीमती सुमन और श्रीमती दिनेश्वरी निधार अपनी पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ प्रतियोगिता में उतर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और जज्बा न केवल प्रतियोगिता को रोचक बना रहा है, बल्कि महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश भी दे रहा है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गंगरेल बांध को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करना, जल पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इस प्रतियोगिता से जिले की प्राकृतिक सुंदरता और संभावनाओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
आकर्षक पुरस्कारों से बढ़ेगा उत्साह
प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं—
- प्रथम पुरस्कार : ₹1,00,000
- द्वितीय पुरस्कार : ₹50,000
- तृतीय पुरस्कार : ₹25,000
इसके अलावा बोट सजावट एवं वेशभूषा प्रतियोगिता के लिए ₹11,000 का विशेष पुरस्कार भी रखा गया है।
कलेक्टर ने किया आमंत्रण
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने जिले के नागरिकों, युवाओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल नहीं, बल्कि धमतरी की संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक धरोहर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम है।
नई पहचान की ओर धमतरी
‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि धमतरी के पर्यटन, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का उत्सव है। गंगरेल बांध की लहरों पर आज रोमांच, उत्साह और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जो जिले को नई पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



