धमतरी- अवैध शराब परिवहन करते युवक गिरफ्तार, जायलो कार सहित 2.27 लाख का माल जप्त
उत्तम साहू
धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पेटी देशी शराब और एक जायलो कार सहित कुल 2 लाख 27 हजार 680 रुपये का माल जप्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लिमतरा मोड़ एनएच-30 ओवरब्रिज के नीचे एक जायलो कार में अवैध शराब रखकर बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर सीएसपी धमतरी के नेतृत्व में थाना अर्जुनी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर एक व्यक्ति जायलो कार क्रमांक CG-06-L-0282 के पास मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम खिलानंद उर्फ गोलू साहू (33 वर्ष) निवासी धौराभांठा थाना अर्जुनी जिला धमतरी बताया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें खाकी रंग के दो कार्टून मिले, जिनकी जांच करने पर 180-180 एमएल की शीशी में भरी हुई देशी प्लेन शराब के कुल 96 पौवा (17.280 लीटर) पाए गए, जिनकी कीमत 7,680 रुपये आंकी गई। आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से 96 पौवा देशी प्लेन शराब और लगभग 2.20 लाख रुपये कीमत की जायलो कार जप्त कर कुल 2,27,680 रुपये का माल जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 37/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

