बर्थडे पार्टी के बाद दो दोस्तों ने की आत्महत्या, एक ही साड़ी से पेड़ पर झूलती मिली लाशें
रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में दो दोस्तों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ने पहले जन्मदिन की पार्टी में शराब पी, इसके बाद एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फंदा बनाकर पेड़ पर लटककर अपनी जान दे दी।
मृतकों की पहचान तेतला निवासी दीपक बरैठ (20) और कटंगपाली निवासी शिवशरण र्स (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को दीपक का जन्मदिन था।
जानकारी के अनुसार शिवशरण मैकेनिक का काम करता था, जबकि दीपक मजदूरी करता था। जन्मदिन के मौके पर दीपक अपने दोस्त लाभों के साथ पहले शिवशरण के पास गया। इसके बाद तीनों चिखली पहुंचे, जहां कुछ देर बाद लाभों अपने घर लौट गया।
इसके बाद दीपक बाइक घर में छोड़कर शिवशरण के साथ चिखली बाजार पहुंचा, जहां दोनों ने शराब पी। देर रात दोनों शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में पहुंचे और वहां स्थित बबूल के पेड़ पर एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने जब दोनों के शव पेड़ पर लटके देखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

