सिहावा विधायक अंबिका मरकाम की सक्रियता से गूंजा विधानसभा, जनहित के 56 मुद्दे उठाकर बनीं मिसाल
पहली बार आम जनता की समस्याएं को इतनी मजबूती से विधानसभा में उठाई गई
उत्तम साहू
धमतरी/ नगरी- सिहावा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 में सिहावा की लोकप्रिय विधायक अंबिका मरकाम ने जिस सक्रियता और मजबूती के साथ क्षेत्र की समस्याओं को उठाया, उसने उन्हें प्रदेश के सबसे जागरूक और जनहितैषी विधायकों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा कर दिया है। पूरे सत्र के दौरान उन्होंने 56 सवालों और 22 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जरिए जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाया।
23 फरवरी से 20 मार्च तक चले इस सत्र में विधायक मरकाम ने जल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व और भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों पर सरकार को घेरा। खास बात यह रही कि उनके सवाल केवल औपचारिकता नहीं थे, बल्कि जमीनी समस्याओं से जुड़े हुए थे, जिससे आम जनता की पीड़ा सीधे सदन में गूंजी।
विधायक अंबिका मरकाम ने जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता, सड़कों और पुलों के निर्माण, स्कूलों की जर्जर स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं में कमी, वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में बदलने और अवैध उत्खनन जैसे गंभीर विषयों पर ठोस जवाब मांगे। उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों ने प्रशासन को भी सक्रिय होने पर मजबूर किया।
इतना ही नहीं, उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के माध्यम से आदिवासियों के अधिकार, शिक्षकों की पदोन्नति में गड़बड़ी, धान खरीदी में अनियमितता और संविदा कर्मियों की समस्याओं जैसे संवेदनशील विषयों को प्रमुखता से उठाया, जो उनकी जनप्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विकास कार्यों को लेकर भी विधायक मरकाम पीछे नहीं रहीं। उन्होंने क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के सड़क, पुल और सिंचाई परियोजनाओं का प्रस्ताव रखकर यह स्पष्ट कर दिया कि उनका फोकस केवल समस्याएं उठाना ही नहीं, बल्कि समाधान सुनिश्चित करना भी है। 110 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित कार्यों ने क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगा दी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिस तरह से अंबिका मरकाम लगातार सक्रिय रहकर जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दे रही हैं, वह उन्हें आने वाले समय में प्रदेश की प्रभावशाली नेताओं में शामिल कर सकता है।
सिहावा क्षेत्र में भी विधायक की इस कार्यशैली को लेकर सकारात्मक माहौल है। आम जनता का कहना है कि पहली बार उनकी समस्याएं इतनी मजबूती से विधानसभा में उठाई गई। जिसके लिए सिहावा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने विधायक अंबिका मरकाम के प्रति आभार प्रकट किया है।
कुल मिलाकर, विधायक अंबिका मरकाम ने अपने कार्यों से यह साबित कर दिया है कि जनप्रतिनिधि अगर इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता के साथ काम करे, तो विकास की राह में कोई बाधा बड़ी नहीं होती।

