शहीद निर्मल सिंह नेताम का 9वां शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया

0

 

शहीद निर्मल सिंह नेताम का 9वां शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया



उत्तम साहू 

दुगली। कौव्हाबाहरा क्षेत्र के प्रथम शहीद निर्मल सिंह नेताम का 9वां शहादत दिवस बुधवार को कौव्हाबाहरा बाजार चौक स्थित शहीद स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कौव्हाबाहरा, दुगली एवं शहीद परिवार की उपस्थिति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सामाजिक जनों के साथ पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने शहीद निर्मल सिंह नेताम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।

बताया गया कि शहीद निर्मल सिंह नेताम 18 मार्च 2017 को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरगुम डोरेपारा के जंगलों में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। वे दंतेवाड़ा पुलिस विभाग में विशेष टास्क फोर्स (STF) के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कर्तव्य पालन के दौरान उन्होंने सर्वोच्च बलिदान देते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

ग्रामीणों ने बताया कि शहीद नेताम अपने मिलनसार स्वभाव, सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी और साहसी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। आज भी वे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।

श्रद्धांजलि सभा में जनपद सदस्य कलावती मरकाम, सरपंच राधिका शिवा नेताम (कौव्हाबाहरा), मानकी कुंजाम (गोहनानाला), लल्लेश्वरी नेताम (मुनईकेरा), मोनिका मंडावी (कोलियारी), थाना प्रभारी रामकृष्ण मरकाम (दुगली), पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजाराम मंडावी, पूर्व सरपंच शिवप्रसाद नेताम, सर्व आदिवासी समाज धमतरी के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र राज ध्रुव सहित शिक्षा विभाग एवं पंचायत के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीद की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !