धमतरी पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल सहित 55 हजार से अधिक का सामान जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 19 मार्च 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम हरफतराई, मुख्य नहर पार अर्जुनी के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर अर्जुनी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी शराब, बिक्री की नगदी राशि 3,400 रुपये तथा एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05 AM-7048 बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 55,880 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 39/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया है। विधिवत कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी का विवरण:
टिकेश्वर साहू (38 वर्ष), पिता रामविलास साहू, निवासी ग्राम डोडकी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी।
धमतरी पुलिस द्वारा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

