महुआ बीनने गए ग्रामीण पर भालू का हमला
गंभीर हालत में रायपुर रेफर, इलाके में दहशत
गरियाबंद। जिले के जंगलों में मंगलवार सुबह ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को दहला दिया। महुआ बीनने गए एक ग्रामीण पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। यह दर्दनाक घटना उसकी पत्नी की आंखों के सामने हुई, जिसकी चीख-पुकार से पूरा जंगल गूंज उठा।
मिली जानकारी के अनुसार, गरियाबंद वनमंडल के परसुली परिक्षेत्र अंतर्गत कोचई मुड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय पुराणिक (पिता सूघो राम यादव) सुबह करीब 6 बजे अपनी पत्नी के साथ घर के पास जंगल में महुआ बीनने गया था। दोनों अलग-अलग जगह महुआ इकट्ठा कर रहे थे, तभी अचानक घात लगाए बैठे भालू ने पुराणिक पर हमला बोल दिया।
भालू ने उसके सिर, चेहरे, हाथ और कंधे को बेरहमी से नोच डाला। अचानक हुए इस हमले से पुराणिक जमीन पर गिर पड़ा और दर्द से कराहते हुए मदद के लिए चिल्लाने लगा। उसकी चीख सुनकर पत्नी दौड़ते हुए मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भालू उसे गंभीर रूप से घायल कर चुका था। पत्नी को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद खून से लथपथ पुराणिक को ग्रामीणों की मदद से किसी तरह जंगल से बाहर निकाला गया और निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया।
इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल में जाने से डरना शुरू कर दिया है। वहीं, वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भालू की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग तेज हो गई है।

