हटकेश्वर में चला प्रशासन का बुलडोज़र: अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई, सड़क ध्वस्त, सामग्री जब्त

0

 

हटकेश्वर में चला प्रशासन का बुलडोज़र: अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई, सड़क ध्वस्त, सामग्री जब्त


              उत्तम साहू,धमतरी, 28 मार्च 2026।

जिले में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए हटकेश्वर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर बुलडोज़र चलाते हुए सड़क निर्माण को ध्वस्त कर दिया और मौके से निर्माण सामग्री जब्त कर ली।

जांच में खुलासा हुआ कि तुषार राजपुरिया, संजय दास और समीर कुकरेजा द्वारा ग्राम हटकेश्वर की कृषि भूमि (खसरा नंबर 126/1, 126/2, 126/3) पर बिना डायवर्सन कराए मुरूम डालकर जमीन का स्वरूप बदला जा रहा था और अवैध विकास कार्य किए जा रहे थे।

इसी तरह ओजस सिन्हा द्वारा खसरा नंबर 774 और 775 पर बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से ले-आउट स्वीकृति लिए सड़क बनाकर प्लॉटिंग की जा रही थी। वहीं सीमा हरदेल के मामले में भी खसरा नंबर 77 पर अवैध सड़क निर्माण और प्लॉटिंग पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने बताया कि इन सभी मामलों में पहले ही नोटिस जारी कर काम रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों की अनदेखी करने पर यह सख्त कदम उठाया गया। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से अवैध मार्गों को तोड़ा और मुरूम सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली।


कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि बिना अनुमति प्लॉटिंग या भू-विकास करने वालों पर इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज और अनुमतियां जांच लें, ताकि भविष्य में कानूनी झंझट से बचा जा सके। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !