“अपने ही घर में चोरी: बेटी ने तोड़ा भरोसा, गहनों को बना दिया ‘कैश’”
दुर्ग। जहां बेटियों को घर की लक्ष्मी कहा जाता है, वहीं भिलाई भट्ठी थाना क्षेत्र से आई इस खबर ने रिश्तों की बुनियाद को झकझोर कर रख दिया। एक बेटी ने ही अपने घर का भरोसा तोड़ते हुए लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
मामला 2 जनवरी का है, जब घर से करीब 8.59 लाख रुपये के सोने के आभूषण रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। 21 जनवरी को परिजन एम नचैयां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और शक की सुई सीधे अपनी ही बेटी एम श्यामला पर जा टिकी।
पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो सच भी ज्यादा देर छिप नहीं पाया। पूछताछ में 26 वर्षीय श्यामला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि चोरी किए गए गहनों का कुछ हिस्सा फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर पैसे ले लिए थे, जबकि बाकी जेवर उसने अपने पास छिपाकर रखे थे।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब भरोसा ही टूट जाए, तो रिश्तों की कीमत क्या रह जाती है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

