कुण्डेल के आर्मी ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे कलेक्टर, युवाओं को लाइब्रेरी और ओपन जिम की सौगात
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने मगरलोड विकासखंड के ग्राम कुण्डेल में संचालित आर्मी ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षक घनश्याम ध्रुव ने कलेक्टर को बताया कि आसपास के गांवों के करीब 40 युवा प्रतिदिन इस सेंटर में आकर आर्मी भर्ती की तैयारी करते हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में शौचालय नहीं होने से युवाओं को दिक्कत होती है। साथ ही पढ़ाई के लिए एक कमरे और ओपन जिम की भी आवश्यकता है।
प्रशिक्षक ने जानकारी दी कि हाल ही में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में इस सेंटर के दो युवा हिमांशु और ओमप्रकाश मेडिकल परीक्षा पास कर चुके हैं। इस पर कलेक्टर ने दोनों युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने यहां लाइब्रेरी सह अध्ययन कक्ष के निर्माण और ओपन जिम की व्यवस्था कराने की सहमति दी। उन्होंने युवाओं को अग्निवीर भर्ती के लिए अधिक से अधिक आवेदन करने और मेहनत व लगन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने युवाओं को खेल सामग्री भी वितरित की।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम कुरूद नभ सिंह कोसले, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


