शीतला शक्ति पीठ सिहावा में आस्था के दीप जगमगाए, नवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

0

 शीतला शक्ति पीठ सिहावा में आस्था के दीप जगमगाए, नवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


उत्तम साहू 

नगरी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सिहावा स्थित शीतला शक्ति पीठ में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के प्रथम दिवस से ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार है, जहां माता शीतला के दरबार में आस्था के दीप प्रज्वलित कर भक्त अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

घट स्थापना के पश्चात शुभ मुहूर्त में दोपहर 3 बजे से विधि-विधान के साथ मनोकामना ज्योति प्रज्वलन का क्रम शुरू हुआ। इस वर्ष कुल 1035 ज्योतियां प्रज्वलित की गई हैं, जिनमें घी की 117 और तेल की 918 ज्योतियां शामिल हैं। श्रद्धालुओं ने संकल्प लेकर माता के समक्ष दीप अर्पित किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

घट स्थापना का कार्य आचार्य नारायण प्रसाद पाठक द्वारा संपन्न कराया गया। उन्होंने श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाते हुए कहा कि नवरात्रि में आदिशक्ति की उपासना से जीवन में सुख, शांति और कल्याण की प्राप्ति होती है।



शीतला शक्ति पीठ समिति के अध्यक्ष कैलाश पवार ने बताया कि माता शीतला का यह दरबार क्षेत्र में विशेष आस्था का केंद्र है। यहां माता स्वयंभू रूप में विराजमान हैं और श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं। उन्होंने कहा कि माता का आशीर्वाद पुष्प के रूप में प्राप्त होना इस धाम की विशेषता है, जिससे भक्तों की आस्था और भी प्रगाढ़ होती है।

नवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। तीसरे दिन से अष्टमी तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।

भक्ति आयोजनों की श्रृंखला में 24 मार्च को राजहंस मानस परिवार अम्बागढ़ चौकी द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद 25 मार्च को ओम आदित्य मानस परिवार रिसाली, 26 मार्च को मोर मयारू मानस परिवार गुदगुदा और 27 मार्च को विद्यार्थी मानस परिवार साकरा द्वारा संगीतमय भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।

मंदिर समिति के प्रमुख संचालक नरेंद्र नाग, उपाध्यक्ष गगन नाहटा, महासचिव नेम सिंह बिशेन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

प्रथम दिवस मां शैलपुत्री की पूजा
नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने माता से जीवन में स्थिरता, दृढ़ता और शक्ति की कामना की। पूरे दिन मंदिर में जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा।

चैत्र नवरात्रि के इस पावन पर्व पर शीतला शक्ति पीठ सिहावा एक बार फिर श्रद्धा और विश्वास का केंद्र बनकर उभर रहा है, जहां हर दिन आस्था के दीप नई ऊर्जा और उम्मीद के साथ प्रज्वलित हो रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !