महावीर जयंती पर नगरी में भव्य शोभायात्रा, वीर स्तंभ पर हुआ ध्वजारोहण
जैन समाज के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, भक्तिमय माहौल में छाबड़ा द्वारा ध्वज चढ़ाया गया
उत्तम साहू
नगरी। महावीर जयंती के पावन अवसर पर नगर पंचायत नगरी में जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड होते हुए बजरंग चौक पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने इसका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद रैली महावीर चौक, वार्ड क्रमांक 11 पहुंची।
महावीर चौक स्थित वीर (महावीर) स्तंभ पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ध्वजारोहण किया गया। यह स्तंभ पूर्व पार्षद एवं वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष की निधि से निर्मित है। कार्यक्रम के दौरान छाबड़ा द्वारा विधि-विधान से ध्वज चढ़ाया गया तथा स्तंभ की पूजा-अर्चना की गई। ध्वजारोहण के पश्चात पुष्प वर्षा कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
कार्यक्रम में जैन समाज के बड़ी संख्या में लोग, नगर पंचायत नगरी के जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस सहित नागेंद्र शुक्ला, मोहन पुजारी, महेंद्र नेताम, दिनेश्वरी नेताम, प्रतिमा देवांगन, रूपेंद्र साहू, हृदय साहू, वार्ड पार्षद अश्विनी निषाद, अंबिका ध्रुव, डागेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, चेलेश्वरी साहू, विनीता कोठारी, नरेश पटेल, मिक्की गुप्ता, यशकरण पटेल, शंकरदेव, लक्ष्मी गुप्ता, योगेश साहू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शोभायात्रा में महिलाओं ने लाल रंग के परिधान एवं पुरुषों ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर अनुशासित ढंग से भाग लिया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

