जिले में गैस, पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें..कलेक्टर

0

 

जिले में गैस, पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें..कलेक्टर

घरेलू गैस व ईंधन की सप्लाई सामान्य, जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई



             उत्तम साहू,धमतरी, 31 मार्च 2026।
जिले में घरेलू गैस, डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और पर्याप्त है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की कमी या आपूर्ति बाधित होने की स्थिति नहीं है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से कहा है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर भरवाने या पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक ईंधनों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और आगे भी इसकी निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है और संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन का उपयोग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि सभी को समान रूप से संसाधन उपलब्ध हो सकें। साथ ही, रसोई कार्यों में वैकल्पिक ईंधनों के संतुलित उपयोग की भी सलाह दी गई है।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। सभी वितरण केंद्रों और पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाह फैलाने या उस पर विश्वास करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कालाबाजारी की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। जिले में शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !