नगरी: बेलरगांव में कुंभकार समाज का होली मिलन समारोह संपन्न
Author -
dabang chhattisgarhia
March 08, 2026
0
नगरी: बेलरगांव में कुंभकार समाज का होली मिलन समारोह संपन्न
उत्तम साहू
नगरी। कुंभकार समाज परिक्षेत्र सिहावा का होली मिलन समारोह 6 मार्च 2026 को बेलरगांव में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत चक्रधारी भगवान श्रीहरि विष्णु की पूजा-अर्चना से की गई। इसके पश्चात श्री जोहन राम प्रजापति को सभापति मनोनीत कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं समाज प्रमुखों का पुष्पहार, पुष्पगुच्छ और गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने उपस्थित समाजजनों को संबोधित करते हुए सभी को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा होली के महत्व और सामाजिक सद्भाव के संदेश पर प्रकाश डाला। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
सभा में कुंभकार समाज को मिलने वाली विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ पर भी चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के साथ समन्वय बनाकर अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त कर शासन-प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही समाज के उत्थान के लिए सभी सदस्यों से तन, मन और धन से आगे आने का आह्वान किया गया।
बैठक में आगामी 15 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत परखंदा, विकासखंड कुरूद में आयोजित होने वाले धमतरी जिला कुंभकार समाज के वार्षिक अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की सहमति भी व्यक्त की गई। इस अधिवेशन में जिले के विभिन्न केंद्रों के समाजजन तथा राज्यस्तरीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज के प्रदेश सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष कैलाश नाथ प्रजापति, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व महामंत्री अखिलेश प्रजापति, महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती हेमलता प्रजापति, धमतरी जिला कुंभकार समाज के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार प्रजापति, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ सदस्य इंद्रेश घाटे, जिला प्रतिनिधि कमलेश प्रजापति, सिहावा केंद्र प्रधान मनोज प्रजापति सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, माताएं, बहनें और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव सुरेश कुमार प्रजापति ने किया तथा आभार प्रदर्शन पंच खेमन प्रजापति ने किया।