पुरानी रंजिश में चाकूबाजी, दो आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 28 मार्च 2026। कुरूद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी की घटना का धमतरी पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च की शाम करीब 7 बजे वर्मा गैरेज के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने प्रार्थी वेंकटेश ध्रुव अपने साथी तोषण सिन्हा के साथ मौजूद था। इसी दौरान अमन चन्द्राकर और मेहुल चन्द्राकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मेहुल चन्द्राकर ने तोषण सिन्हा के पेट में चाकू से वार किया, जबकि अमन चन्द्राकर ने उसी चाकू से पीठ और कंधे पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना की रिपोर्ट मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की। घायल को तत्काल सिविल अस्पताल कुरूद में भर्ती कराया गया और घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कराया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उनकी निशानदेही पर छत्तीसगढ़ ढाबा के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और नारकोटिक्स एक्ट से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।

