धमतरी..रामनवमी शोभायात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न, पुलिस की व्यवस्थाएं रही चाक-चौबंद
उत्तम साहू
धमतरी, 28 मार्च 2026। रामनवमी पर्व के अवसर पर धमतरी जिले में निकाली गई भव्य शोभायात्रा सुदृढ़ एवं व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पूर्णतः निर्विघ्न रूप से संपन्न हुई। पुलिस की मुस्तैदी और सुनियोजित रणनीति के चलते पूरे जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था का आदर्श माहौल बना रहा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई थी। इसके तहत संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में फिक्स पिकेट लगाए गए, लगातार पेट्रोलिंग की गई और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। संकरी गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनी रही, जिससे शोभायात्रा के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई। यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह नियंत्रित और सुचारू रही।
आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की गई। कंट्रोल रूम से अधिकारियों द्वारा सतत मॉनिटरिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनी रही।
रामनवमी से पहले धमतरी पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की थी। गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों पर की गई इस कार्रवाई का सकारात्मक असर देखने को मिला। इसके साथ ही जिलेभर में फ्लैग मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश दिया गया, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
पूरे आयोजन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई और हर क्षेत्र में सतर्कता बरती गई। पुलिस की सक्रियता के चलते जिले में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
धमतरी पुलिस की यह रणनीति एक बार फिर सफल साबित हुई है। विगत एक वर्ष में भी जिले के सभी प्रमुख पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

