करोड़ों की स्वीकृति से धमतरी में सड़क विकास को मिलेगी रफ्तार, ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी होगी मजबूत
उत्तम साहू
धमतरी, 27 मार्च 2026। जिले में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शासन द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव–गुंडरदेही–धमतरी–नगरी–सिहावा–बोरई मार्ग के 19 किलोमीटर लंबे खंड के निर्माण के लिए 12 करोड़ 21 लाख 5 हजार 400 रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह मार्ग न केवल जिले के भीतर आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि पड़ोसी जिलों से संपर्क भी मजबूत करेगा।
इसके अलावा, सिहावा–बोराई सड़क और बिंद्रा–नवागांव सड़क के चौड़ीकरण को भी मंजूरी दी गई है। धमतरी से बेंद्रा नवागांव तक 2.8 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ 7 लाख 52 हजार रुपए तथा मेघा रोड तिराहा से स्टेशन चरमूडिया (एनएच-30) तक 3.75 किलोमीटर सड़क उन्नयन के लिए 18 करोड़ 24 लाख 58 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। वहीं किसानों को अपनी उपज समय पर मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावना है। परिवहन लागत कम होने से स्थानीय व्यापार और लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के संतुलित और समावेशी विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूरी करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाएं तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि सड़क अधोसंरचना के मजबूत होने से धमतरी जिले में पर्यटन, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और समग्र विकास को गति मिलेगी।

