हेरोइन बेचते युवक गिरफ्तार, धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उत्तम साहू
धमतरी, 27 मार्च। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) बेचते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि यादव समाज भवन के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आमातालाब स्थित उक्त स्थान पर घेराबंदी कर रेड की।
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी ऋषभ सोनी (26 वर्ष), निवासी रिसाईपारा धमतरी, को मौके पर हेरोइन बेचते पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.45 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग 29,000 रुपये), एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपये), 10 रुपये नगद तथा 2 नग सिल्वर पेपर बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 34,010 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 85/26 के तहत धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

