कुरुद: खारुन नदी के तट पर युवक का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

0

 


कुरुद: खारुन नदी के तट पर युवक का संदिग्ध शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


उत्तम साहू 

कुरुद। क्षेत्र के ग्राम नवागांव (कचना) स्थित खारुन नदी तट पर सोमवार सुबह एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

रविवार शाम से लापता था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान करण कुर्रे (27 वर्ष), पिता प्रेमलाल कुर्रे के रूप में हुई है। वह नवागांव (कचना) का निवासी था और ग्राम खोरपा स्थित एक स्टील प्लांट में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि करण रविवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने उसकी लाश नदी के किनारे देखी, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

आत्महत्या या हत्या? उलझी गुत्थी

पुलिस को घटनास्थल से कीटनाशक दवाई का एक डिब्बा बरामद हुआ है। साथ ही मृतक के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, शव के आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है।


सूचना मिलते ही बिरेझर चौकी प्रभारी अजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कुरुद भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !