छत्तीसगढ़ 12 वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा रद्द, अब 10 अप्रैल को दोबारा होगा एग्जाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा को रद्द करने का बड़ा निर्णय लिया है। हिंदी विषय के सेट 'बी' (Set-B) का प्रश्नपत्र लीक होने के दावों की पुष्टि के बाद मंडल ने 14 मार्च 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को अमान्य घोषित कर दिया है।
10 अप्रैल को होगी पुनः परीक्षा
मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। स्टूडेंट्स के लिए परीक्षा का समय और निर्देश निम्नानुसार रहेंगे:
परीक्षा का समय: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक।
रिपोर्टिंग टाइम: छात्रों को सुबह 9:00 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
प्रक्रिया: 9:05 बजे उत्तर पुस्तिका का वितरण, 9:10 बजे प्रश्नपत्र वितरण और 9:15 बजे से लेखन कार्य शुरू होगा।
कैसे हुआ खुलासा? (पूरी कहानी)
मामले की शुरुआत 13 मार्च की रात करीब 11:10 बजे हुई, जब एक रैंडम टेलीग्राम ग्रुप पर '12th बोर्ड हिंदी पेपर' के नाम से एक मैसेज वायरल हुआ।
तेजी से फैला पेपर: मात्र 15 मिनट के भीतर यह मैसेज 15,000 से अधिक स्टूडेंट्स के मोबाइल तक पहुंच गया।
पेपर का स्वरूप: वायरल इमेज में हाथ से लिखे हुए 15 सवाल थे, जिनके कोने पर 'B' लिखा था। हालांकि सवाल हाथ से लिखे थे, लेकिन उनका पैटर्न बिल्कुल असली प्रश्नपत्र की तरह था।
अन्य विषयों पर भी संकट: जांच में पता चला है कि सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि अंग्रेजी और कुछ अन्य विषयों के पेपर भी इसी तरह हैंडराइटिंग में लिखकर ग्रुप्स में शेयर किए गए थे।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच
सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में पेपर लीक की खबरें आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा।
FIR दर्ज: मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में लिखित सूचना दी गई और सिटी कोतवाली में FIR दर्ज कराई गई है।
बैठक और फैसला: 23 मार्च 2026 को मंडल की परीक्षा समिति की एक अहम बैठक बुलाई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर समिति ने परीक्षा निरस्त करने का अंतिम निर्णय लिया।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
मंडल ने छात्रों से अपील की है कि वे नई समय-सारणी के अनुसार अपनी तैयारी करें। यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि परीक्षा के दौरान कोई छुट्टी घोषित होती है, तब भी परीक्षा तय समय पर ही ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव का अधिकार मंडल के पास सुरक्षित है।


