नगरी अंचल में शांतिपूर्ण माहौल में मनी होली, कहीं से नहीं आई अप्रिय घटना की खबर
सिहावा, सांकरा,घठुला बेलर व बोराई, सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह; पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था, एसडीओपी ने किया क्षेत्र भ्रमण
धमतरी जिले के आदिवासी अंचल नगरी में इस वर्ष रंगों का पर्व होली शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। नगरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
होली के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। नगर मुख्यालय नगरी में सुबह से ही मोहल्लों में टोली बनाकर बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं होली के रंग में सराबोर नजर आए। ढोल-नगाड़ों और फाग गीतों के बीच लोगों ने परंपरागत अंदाज में होली का आनंद लिया।
नगरी के साथ-साथ सिहावा, सांकरा, बोराई, बेलर और घठुला सहित पूरे अंचल के गांवों में भी होली की खुमारी छाई रही। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ त्योहार मनाया और आपसी सद्भाव की मिसाल पेश की।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। एसडीओपी श्री रंगारी स्वयं मैदान में उतरकर विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। पुलिस की सतर्कता और आमजन के सहयोग से पूरा त्योहार सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कुल मिलाकर इस वर्ष नगरी अंचल में होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुई, जो क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और सुखद संकेत माना जा रहा है।





