रायपुर में खूनी होली: रंगों के बीच तीन हत्याएं, कई घायल

0

 

रायपुर में खूनी होली: रंगों के बीच तीन हत्याएं, कई घायल



रायपुर। जहां एक ओर होली का त्योहार आपसी भाईचारे और उल्लास का संदेश देता है, वहीं इस बार राजधानी रायपुर के ग्रामीण इलाकों में रंगों की जगह खून के छींटे नजर आए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हिंसक घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर दिया। आरंग, विधानसभा और खरोरा में तीन युवकों की हत्या कर दी गई, जबकि तिल्दा नेवरा में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

आरंग: गुलाल लगाने की जिद बनी जानलेवा

आरंग थाना क्षेत्र के कलई चौक के पास मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। नीरज लोधी अपने दोस्तों के साथ जा रहा था, तभी कुछ युवकों ने जबरन गुलाल लगाने की कोशिश की। मना करने पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने पहले मारपीट की, फिर चाकू से सीने पर वार कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही नीरज की मौत हो गई।

विधानसभा: भाईचारे पर खून का धब्बा

विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम मटिया में घरेलू विवाद इतना बढ़ा कि दो सगे भाइयों ने मिलकर तीसरे भाई की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खरोरा: डीजे पर डांस को लेकर खूनी संघर्ष

खरोरा के ग्राम माठ में डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि एक महिला और दो नाबालिगों ने चाकू व हंसिये से हमला कर मोहित धीवर (20) की हत्या कर दी। हमले में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार जारी है। महिला आरोपी और दोनों विधि-विरुद्ध बालकों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।

तिल्दा नेवरा: चाकूबाजी में युवक गंभीर

तिल्दा नेवरा के अटल आवास में भी डांस को लेकर विवाद हुआ। यहां एक युवक ने दूसरे के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सतर्क, जांच जारी

रायपुर पुलिस ने सभी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

होली जैसे पावन पर्व पर हुई इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर त्योहारों की खुशियां कब तक आपसी रंजिश और असहिष्णुता की भेंट चढ़ती रहेंगी?

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !