होली पर्व सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील, कलेक्टर व एसपी ने जारी किया संदेश
रंगों के पावन पर्व होली को लेकर प्रशासन ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द्र और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। अबिनाश मिश्रा ने कहा कि होली सहित सभी आगामी त्योहारों को उत्साह, खुशी और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने अन्य पर्वों के दौरान आमजन द्वारा बरती गई सावधानी और सहयोग की सराहना करते हुए इस बार भी वही जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने कहा कि होली का आनंद इस प्रकार लें कि किसी को असुविधा या परेशानी न हो। किसी पर जबरन रंग न लगाएं और रंग के नाम पर ग्रीस, पेंट या हानिकारक रसायनों का उपयोग न करें। भीड़-भाड़ से बचने और संयमित ढंग से उत्सव मनाने की सलाह देते हुए उन्होंने सभी जिलेवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने भी नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी चलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रेशर हार्न और नियमों के विपरीत ध्वनि-विस्तारक यंत्र (डीजे) बजाने पर प्रतिबंध पूर्ववत लागू रहेगा। होलिका दहन के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। एसपी ने भी सभी को सुरक्षित और आनंदमय होली की शुभकामनाएं दीं।
हर्बल गुलाल अपनाने का आग्रह
कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस वर्ष हर्बल गुलाल से होली मनाने का विशेष आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं दिन-रात प्राकृतिक हर्बल गुलाल और रंग तैयार करने में जुटी हैं। इन रंगों में फूलों के प्राकृतिक रंग और सुगंध का उपयोग किया जाता है तथा किसी भी प्रकार के हानिकारक केमिकल का मिश्रण नहीं किया जाता। इससे त्वचा पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं होता।
महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार यह हर्बल गुलाल स्थानीय बाजारों में वाजिब दाम पर उपलब्ध है। इससे जहां एक ओर पर्यावरण और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर भी मिलता है।
प्रशासन ने पुनः अपील की है कि होली का पर्व प्रेम, सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाएं तथा जिले की शांति और गरिमा बनाए रखने में अपना सहयोग दें।



