चार दशक से शिक्षा की अलख जगा रहीं श्रीमती बी.मैथ्यू

0


चार दशक से शिक्षा की अलख जगा रहीं श्रीमती बी.मैथ्यू

विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारना ही मानती हैं अपना सबसे बड़ा पुरस्कार 



               उत्तम साहू धमतरी, 7 मार्च 2026।

जिले की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती बी. मैथ्यू पिछले लगभग चार दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं। वर्तमान में वे शासकीय शिव सिंह वर्मा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी में पदस्थ हैं और अपने समर्पण व मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रही हैं।

श्रीमती मैथ्यू ने वर्ष 1989 में माध्यमिक शाला धमतरी में व्याख्याता (गणित) के रूप में अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की थी। इससे पूर्व वे शासकीय एटीआईएस रिसर्च सेंटर में जूनियर साइंटिस्ट के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। समाज के लिए कुछ सार्थक करने की इच्छा के चलते उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र को अपना जीवन उद्देश्य बनाया और मिनी पीएससी के माध्यम से व्याख्याता पद पर चयनित होकर शिक्षण कार्य प्रारंभ किया।

अपने लंबे शिक्षण अनुभव के दौरान उन्होंने हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की है। उनके मार्गदर्शन में पढ़े कई छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। कई विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर प्रशासनिक सेवाओं की ओर अग्रसर हैं, तो कई इंजीनियर, डॉक्टर और शिक्षक बनकर समाज में अपनी पहचान बना चुके हैं।

श्रीमती बी. मैथ्यू का मानना है कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों को विकसित करने का माध्यम भी है। वे गणित जैसे विषय को सरल और रोचक तरीके से समझाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास का महत्व भी सिखाती हैं।

“विद्यार्थियों की सफलता ही मेरा सबसे बड़ा पुरस्कार है”
श्रीमती मैथ्यू कहती हैं कि बच्चों को पढ़ाना उनके लिए केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है। जब उनके पढ़ाए विद्यार्थी जीवन में आगे बढ़ते हैं और समाज में अच्छा कार्य करते हैं, तो वही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि और संतोष का कारण बनता है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने संदेश दिया कि यदि महिलाओं को शिक्षा, अवसर और परिवार का सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

चार दशकों का शिक्षण अनुभव, विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह और समाज के प्रति उनका समर्पण आज धमतरी जिले के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। श्रीमती बी. मैथ्यू न केवल एक आदर्श शिक्षिका हैं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की ज्योति भी प्रज्ज्वलित कर रही हैं।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !