तालाब में डूबने से युवक की मौत, ससुराल आया था त्योहार मनाने
दुर्ग। पाटन थाना क्षेत्र में होली का उत्साह उस समय गम में बदल गया, जब ग्राम राखी के एक तालाब में गुरुवार सुबह एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि सुबह कुछ ग्रामीण रोज की तरह तालाब के आसपास टहलने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और तत्काल इसकी सूचना पाटन पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान मृतक की पहचान सूरज दास मानिकपुरी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर जिले के सेजबहार क्षेत्र का निवासी था। बताया गया कि वह होली का त्योहार मनाने अपने ससुराल ग्राम राखी आया हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गया था। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
फिलहाल पाटन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

