UPSC में 623वीं रैंक हासिल करने वाले डायमंड सिंह ध्रुव का एसपी कार्यालय में सम्मान
ग्राम परसवानी के डायमंड सिंह ध्रुव की सफलता से बढ़ा धमतरी का मान, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
उत्तम साहू धमतरी, 7 मार्च 2026
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 623वीं रैंक हासिल कर धमतरी जिले का नाम रोशन करने वाले ग्राम परसवानी (थाना मगरलोड) निवासी डायमंड सिंह ध्रुव को शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हाल ही में घोषित यूपीएससी परीक्षा के अंतिम परिणाम में डायमंड सिंह ध्रुव ने अपने पांचवें प्रयास में सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और खुशी का माहौल है। यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा को देश ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने इस अवसर पर कहा कि धमतरी जिले के एक आदिवासी युवा का इस प्रतिष्ठित परीक्षा में चयन होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि डायमंड सिंह ध्रुव की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे अपने संघर्ष और अनुभव से युवाओं को मार्गदर्शन देंगे, जिससे अधिक से अधिक युवा यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर समाज और देश की सेवा कर सकें।
इस दौरान सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी (आईपीएस), डायमंड सिंह ध्रुव, उनके बड़े पिता दिलीप सिंह ध्रुव तथा थाना प्रभारी मगरलोड उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने डायमंड सिंह ध्रुव को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

