धमतरी में दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहला इतवारी बाजार: सैलून में बैठे युवक पर चाकू से हमला

0

 

धमतरी में दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहला इतवारी बाजार: सैलून में बैठे युवक पर चाकू से हमला 


उत्तम साहू 

धमतरी, 9 मार्च 2026। शहर के भीड़भाड़ वाले इतवारी बाजार इलाके में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सैलून के अंदर ही युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि हमला किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसके ही दो दोस्तों ने कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार में एक युवक बाल कटाने के लिए सैलून पहुंचा था। इसी दौरान उसके दो दोस्त भी वहां आ गए। पहले तो आपस में सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में किसी पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों दोस्तों ने गुस्से में आकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने युवक के गर्दन और पीठ पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से सैलून में मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना कोतवाली थाना से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर होने के कारण इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक और आरोपी सभी बांसपारा वार्ड के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना से इतवारी बाजार क्षेत्र में लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !