नगरी में श्रमजीवी पत्रकार संघ की नई टीम तैयार, अब सड़क सुरक्षा पर होगा बड़ा अभियान
यातायात सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने, हेलमेट वितरण किया जाएगा
उत्तम साहू
नगरी। पत्रकारिता को और मजबूत आधार देने की दिशा में नगरी ब्लॉक में श्रमजीवी पत्रकार संघ ने नई ऊर्जा के साथ कदम बढ़ाया है। स्थानीय रेस्ट हाउस में हुई बैठक में न सिर्फ संगठन के पुनर्गठन की रूपरेखा तय हुई, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देने का संदेश साफ तौर पर सामने आया।
बैठक में संभागीय सचिव गोपी कश्यप, जिला प्रभारी ललित साहू और जिला अध्यक्ष रूपेश साहू की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया। संगठन की नीतियों और पत्रकार हितों पर चर्चा के साथ सदस्यता नवीनीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
पुनर्गठन के तहत नगरी ब्लॉक की नई टीम सर्वसम्मति से चुनी गई। जीवन नाहटा को संरक्षक, अंगेश हिरवानी को अध्यक्ष और कुलदीप साहू को महासचिव बनाया गया। वहीं थरून निषाद उपाध्यक्ष, मिथलेश पटेल कोषाध्यक्ष और नारद साहू (बेलरगांव) मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
नई टीम के गठन के साथ ही पत्रकारों ने एक अलग पहल का भी संकल्प लिया। शहर में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यातायात जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत हेलमेट वितरण जैसे जनहितकारी कार्यक्रम से होगी। यह आयोजन न केवल लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देगा।
बैठक में मौजूद सभी पत्रकारों ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजू पटेल, देवेंद्र सेन, अशोक संचेती, अभिनव अवस्थी, उत्तम साहू, राजू गोसाई, रिजवान मेमन, गोलू मंडावी, विजयलक्ष्मी कश्यप, महेश नेताम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

